फर्रुखाबाद : पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने फंदे पर लटककर दी जान, 11 महीने की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव इकडरिया निवासी 21 वर्षीय युवक आकाश राजपूत की शादी दो साल पहले स्वाति से हुई थी। शनिवार शाम जब आकाश खेत से लौटकर घर आया, तो किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट तक हो गई। इस झगड़े से आहत होकर आकाश चुपचाप छत पर बने अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

मां जब चारा डालने को कहने गई, तो उड़ गए होश

काफी देर तक जब आकाश नीचे नहीं आया, तो उसकी मां उसे जानवरों को चारा डालने के लिए बुलाने छत पर गई। कमरे का नजारा देखते ही मां की चीख निकल गई। आकाश ने छत के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। आनन-फानन में शोर सुनकर पिता रामनरेश और भाई भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत जहानगंज थाना पुलिस को दी गई।

मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी

आकाश अपनी पत्नी से अलग मकान में रहता था, जबकि उसके पिता और भाई दूसरे घर में रहते थे। बताया जा रहा है कि अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था। इस हादसे ने आकाश की महज 11 महीने की नन्ही बेटी को अनाथ कर दिया है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें