फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव भूसेरा में एक गर्भवती महिला ने अपने ससुराल वालों पर घर से बाहर निकालने और उसके जेवर छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसके साथ बर्बरता की है और उसे सड़क पर ला खड़ा किया है। पीड़िता ने अब पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
दुख की घड़ी में अपनों ने ही दिया धोखा
पीड़िता महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले रोहित से हुई थी। उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उसके पति अक्सर काम के सिलसिले में बाहर ही रहते थे। इसी बीच, 13 मार्च की शाम उसे पति की मौत की दुखद सूचना मिली। वह अपने मायके (कन्नौज) से तुरंत अपने ससुराल पहुंची, लेकिन यहां जो उसके साथ हुआ, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है।
जेवर छीने, घर से बेघर किया
महिला का आरोप है कि पति के अंतिम संस्कार के अगले दिन ही ससुराल वालों ने उसके पास मौजूद सभी जेवर उतरवा लिए। जब उसने घर में रहने की मिन्नतें कीं, तो उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया। महिला इस समय गर्भवती है और अब वकहां जाए।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजेपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली है। राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि महिला से तहरीर मिल गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















