फर्रुखाबाद : संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी के सामने फरियादियों की भीड़, जमीन कब्जाने और धांधली की शिकायतों पर मचा हड़कंप

शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील परिसर में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याओं को सुना। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 93 शिकायतें आई, जिनमें से अधिकारियों ने 6 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। बाकी बची शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

कायमगंज
कायमगंज

आंगनवाड़ी भर्ती में धांधली का बड़ा आरोप

समाधान दिवस के दौरान कोतवाली क्षेत्र के गांव मुडौल निवासी पूनम ने एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई। पूनम का कहना है कि आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती में वह मेरिट लिस्ट में पहले नंबर पर थी, लेकिन मिलीभगत करके किसी और को प्रथम स्थान दिला दिया गया। उन्होंने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ताकि योग्य उम्मीदवारों को न्याय मिल सके।

कायमगंज
कायमगंज

जमीन कब्जाने और फर्जीवाड़े की शिकायतों की भरमार

आज के समाधान दिवस में कई चौकाने वाले मामले सामने आए। मोहल्ला बगिया मंगूलाल के राजेश्वर दयाल ने एक सहायक अध्यापक पर फर्जी दस्तावेज के जरिए नौकरी पाने का आरोप लगाया। वहीं, गुटेटी दक्षिण के सत्येंद्र ने भू-माफियाओं द्वारा कोर्ट द्वारा कुर्क की गई जमीन की फसल काटने की शिकायत की। इसके अलावा, जनपद कन्नौज के उमेश ने आरोप लगाया कि शमशाबाद के फतेहपुर में जमीन खरीदने के बाद विक्रेता को कुछ लोग जबरन गाड़ी में उठाकर ले गए।

कायमगंज
कायमगंज

अधिकारियों ने दिए सख्त जांच के आदेश

इस दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि, मुख्य चिकित्साधिकारी अवनींद्र कुमार, एसडीएम अतुल कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, सीओ वन विभाग राजेश कुमार, तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन, हर्षित वर्मा सहित तमाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिकायतों की बारीकी से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें