फर्रुखाबाद : अज्ञात वाहन ने मारी बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर, हादसे में दोनों की मौत – पुलिस जांच में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनकटी गांव (पोस्ट बिहार) के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। बता दें कि दो चचेरे भाई अपनी बाइक से नबीगंज रोड से सिनौडा की तरफ जा रहे थे, तभी ग्राम बढ़नपुर के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों भाई उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए यूपी डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डायल 108 एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोहम्मदाबाद ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सन्नी मिश्रा ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान और परिवार की बेबसी

मृतकों की पहचान स्वर्गीय आनंद प्रकाश के 35 वर्षीय पुत्र सतीश उर्फ सोनू और सुखवीर सिंह के 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। सतीश अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि दूसरा सोनू अपने दो भाइयों में छोटा था। ये दोनों भाई अपनी जीविका चलाने के लिए जयपुर में ड्राइविंग का काम करते थे। मृतक सोनू की 10 साल की मासूम बेटी सोलानी और पत्नी रिंकी वर्तमान में कानपुर में रहती हैं।

पुलिस की कार्रवाई और अज्ञात वाहन की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरा और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें