जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के धीरपुर गांव में रविवार दोपहर एक टायर फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण फैक्ट्री की ओर दौड़े।

चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे, तीन को रेफर किया गया
धमाके में फैक्ट्री के चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। झुलसे कर्मचारियों में कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के गांव रोसेन निवासी लालू (24), महावीर (22) और अखिलेश (30) शामिल हैं। सभी को पहले लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीनों को हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

धमाके की वजह जांच के दायरे में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल धमाके की वजह का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पुराने टायरों से तेल निकालने का काम किया जाता था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की जा रही है।


















