अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस गोंडा हाईवे पुल पर आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का शीशा पूरी तरह टूट गया और ट्रॉली में भरी आलू की बोरियां बस के अंदर जा गिरीं।

टक्कर के बाद बस में मची चीख-पुकार
टक्कर लगते ही शीशे के टुकड़े बस चालक और यात्रियों में धंस गए। अचानक हुई इस दुर्घटना से बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे डायल-112 की पीआरवी और एम्बुलेंस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे में बस चालक, परिचालक समेत 11 लोग घायल हुए हैं।

चार की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
आपको बता दें कि घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। बाकी सात घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

सामने चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक मोड़ लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे फर्रुखाबाद डिपो की बस यात्रियों को लेकर दिल्ली के आनंद विहार के लिए रवाना हुई थी। रात 2:30 बजे जैसे ही बस गोंडा हाईवे पुल के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक मोड़ लिया, जिससे बस सीधे ट्रॉली से जा टकराई।

यात्रियों ने बताया — ओवरटेक की होड़ में हुआ हादसा
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक अपनी गाड़ी को बार-बार लहरा रहा था, जिसके बाद बस चालक ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आलू की बोरियां बस के अंदर घुस गईं और कई यात्री लहुलुहान हो गए।

राहगीरों ने की मदद, समय रहते बची जानें
हादसे के बाद पास से गुजर रही एक अन्य रोडवेज बस और राहगीरों ने तुरंत मदद की। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस बुलवाई। सभी घायलों को मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजा गया। बस चालक ने हादसे की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















