फर्रुखाबाद : भतीजी की शादी से पहले चाचा की सड़क हादसे में मौत, 14 दिसंबर को आनी थी बारात – परिवार में मचा कोहराम

Farrukhabad News : गुरुवार की देर शाम जनपद उन्नाव के नानामऊ घाट मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी 36 वर्षीय टिंकू उर्फ अर्श गफ्फारी की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी मुस्कान को लेने के लिए सफीपुर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

फर्रुखाबाद
मृतक टिंकू उर्फ अर्श गफ्फारी का फाइल फोटो

पुलिस ने मोबाइल से दी सूचना, शव मोर्चरी में भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बांगरमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उन्नाव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पत्नी मुस्कान गफ्फारी को हादसे की जानकारी दी। दुखद खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल गम में बदल गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

14 दिसंबर को है भतीजी की शादी, घर में पसरा सन्नाटा

परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि, टिंकू हरियाणा के भिवानी में सिलाई का काम करते थे और 14 दिसंबर को भतीजी नाजरीन की शादी में शामिल होने के लिए 25 नवंबर को ही घर लौटे थे। तीन भाइयों में सबसे छोटे टिंकू का करीब डेढ़ साल पहले ही निकाह हुआ था। उनकी मौत से मां तकवीरन बेगम, पत्नी मुस्कान और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें