Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सोमवार की सुबह नगर के शाकुंतला देवी स्कूल के पास से सुधीर कुमार की बाइक चोरी हो गई। बाइक चोरी होने की जानकारी मिलते ही सुधीर ने अपने भाई लटूरी के साथ बाइक की तलाश शुरू कर दी।

मंडी समिति के सामने मिली बाइक
तलाश करते हुए सुधीर और उनके भाई को मंडी समिति के सामने स्थित देशी शराब के ठेके के पास बाइक खड़ी दिखाई दी। बाइक को देखकर दोनों ने आसपास मौजूद युवकों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान बाइक लेकर जाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को उन्होंने पकड़ लिया।

दोनों युवकों को बाइक समेत पुलिस को सौंपा
पकड़े गए युवकों की पहचान पितौरा निवासी फईम और शादाब के रूप में हुई। सुधीर और उनके भाई लटूरी ने दोनों युवकों को चोरी की बाइक समेत पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद बाइक मिलने से उसके मालिक ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने सुधीर कुमार की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कायमगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।


























