Farrukhabad News : रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव पुराना गनीपुर गांव में एक मकान को तोड़ने का कार्य चल रहा था। गांव के ही रहने वाले 53 वर्षीय मजदूर विष्णु दयाल अपने साथियों मनोज और महेंद्र के साथ नसीम के मकान पर मजदूरी करने गए थे। मकान की दीवार और जीने को तोड़ने के दौरान अचानक दीवार और जीने का हिस्सा भरभराकर विष्णु दयाल के ऊपर आ गिरा, जिससे वह मलबे के नीचे दब गए।

अस्पताल ले जाते समय हुआ दुखद अंत
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों और मकान मालिक नसीम ने तुरंत मलबे को हटाकर विष्णु दयाल को बाहर निकाला। परिजनों और साथियों द्वारा उन्हें सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय थाना पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी है।

परिवार में मचा कोहराम
विष्णु दयाल की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि विष्णु दयाल अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी करके करते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी गिरिजा देवी के अलावा आठ बच्चे हैं, जिनमें से केवल बड़ी बेटी की शादी हुई है।


























