Farrukhabad News : मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज मार्ग स्थित गांव रुटौल के पास एक बाइक सवार युवक की बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। वहां मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने कराया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमरेश ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को परिजन आनन–फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहा था मृतक
मृतक बाइक सवार युवक की पहचान कायमगंज नगर के मोहल्ला छपट्टी निवासी सलीम खान के 42 वर्षीय पुत्र कलीम के रूप में हुई। कलीम की मौत की सूचना पर पत्नी शादिमा समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि कलीम दिल्ली में एक होटल के मैनेजर थे और कायमगंज में शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से घर आ रहे थे। वहीं उन्होंने बताया कि कलीम की 9 साल पहले शादी हुई थी लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


























