जनपद फर्रूखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव खार में बीते दिनों हुई कथित चोरी के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को घर में चोरी होने की सूचना देने वाला ग्रामीण खुद ही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार निकला। आरोपी ने अपने ही घर में रखे गहनों को छिपाकर पुलिस को चोरी की झूठी सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने जब जांच शुरू की, तो घटना की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद गहनता से की गई पूछताछ में सारा सच सामने आ गया।
पत्नी से गहने छिपाने के लिए रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ रिंकू ने पूरी घटना का सच बयां किया। आरोपी ने बताया कि पूर्व में उसकी पत्नी घर में रखे सभी गहने लेकर अपने मायके चली गई थी और बाद में गहने कहीं गिर जाने की बात कही थी। काफी पारिवारिक विवाद और प्रयास के बाद गहने वापस घर लाए जा सके थे। आरोपी को मन में यह आशंका थी कि उसकी पत्नी दोबारा इन गहनों को लेकर मायके न चली जाए। इसी डर से उसने गहनों को घर के ही एक बड़े बक्से के नीचे छिपा दिया और चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दे दी।

20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के अंदर बक्से के नीचे से शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान में दो मंगलसूत्र, एक चेन व लॉकेट, छह अंगूठी, चार चूड़ी, दो जोड़ी झाले, एक नथ, एक हार, चांदी की दो करधनी, तीन जोड़ी पायल, साड़ी पिन, सिक्के सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल एक लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और षड्यंत्र रचने के मामले में आरोपी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की भ्रामक या झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























