जनपद फर्रूखाबाद के फतेहगढ़ स्थित जे.आर. पैलेस में ‘मुख्यमंत्री रसोईया सम्मान समारोह’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और रसोइयों ने उत्साहपूर्वक देखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत और जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव द्वारा प्रतीकात्मक रूप से 15 रसोइयों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।

कैशलेस इलाज और 1000 रुपये मानदेय वृद्धि का ऐलान
इस योजना के तहत अब बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सेवा मिलेगी। प्रति शिक्षक या रसोईया 3000 रूपए का वार्षिक प्रीमियम राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में 1000 रुपए की बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई, जिससे जिले के रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ गई।

4080 से अधिक परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
इस कल्याणकारी योजना के लागू होने से फर्रूखाबाद जिले के लगभग 4080 से अधिक रसोईया परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। साचीज के माध्यम से क्रियान्वित इस व्यवस्था में रसोइया व उनके परिजन सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती होकर कैंसर, हृदय रोग, गंभीर सर्जरी सहित 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ उठा सकेंगे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
समार समारोह के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को बधाई देते हुए उनके सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की कामना की। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

























