फर्रूखाबाद : गंगा स्नान पर जा रहे किसान की बिजली के तार की चपेट में आने से गई जान, दो घायल

शनिवार की सुबह जनपद फर्रूखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गंगा दरवाजा निवासी 50 वर्षीय किसान अवधेश यादव रोज की तरह सुबह-तड़के साइकिल से गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे। बारिश होने के कारण उन्होंने रास्ते में छाता लगा रखा था। इसी दौरान रास्ते में टूटी पुलिया के पास लटक रहे हाईटेंशन बिजली के तार से उनका छाता छू गया, जिससे अचानक तेज करंट फैल गया और वह साइकिल समेत नीचे गिर पड़े।

फर्रुखाबाद
मृतक अवधेश यादव का फाइल फोटो

राहत-बचाव कार्य और अन्य घायलों की स्थिति

दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहा एक ई-रिक्शा भी अवधेश की साइकिल से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से ई-रिक्शा पर सवार शिवम (24) और सुरजीत (18) भी झुलस गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से बिजली के तार को हटाया और तीनों घायलों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद अवधेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शिवम और सुरजीत का उपचार जारी है।

परिजनों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल, परिवार में मातम

अवधेश के चचेरे भाई फेरू सिंह ने बताया कि बारिश के कारण छाता खुला होने की वजह से अवधेश को अंधेरे में लटकता हुआ हाईटेंशन तार दिखाई नहीं दे सका। परिजनों का कहना है कि यदि लटकते हुए तारों की समय पर मरम्मत कर दी जाती तो यह दर्दनाक हादसा होने से टल सकता था। अवधेश की अचानक हुई मौत से उनके घर में कोहराम मच गया है। उनकी पत्नी सुशीला, भाइयों और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें