फर्रूखाबाद : चीनी के बढ़ते दामों पर प्रशासन सख्त, जमाखोरी रोकने के लिए बनेगी स्पेशल कमेटी – दिए जांच के कड़े निर्देश

फर्रूखाबाद जिला प्रशासन ने जिले में चीनी की बढ़ती कीमतों पर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी और चीनी मिल कायमगंज के जीएम सहित जिले के 10 बड़े स्टॉकिस्ट शामिल हुए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में चीनी की उपलब्धता पर्याप्त है, ऐसे में अकारण मूल्य वृद्धि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जमाखोरी रोकने के लिए स्पेशल टीमों का गठन

बाजार में चीनी के कृत्रिम अभाव और जमाखोरी की संभावना को खत्म करने के लिए डीएम ने विशेष जांच टीमों के गठन का आदेश दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी के संयुक्त नेतृत्व में यह टीमें बाजारों और गोदामों में रैंडम चेकिंग करेंगी। बैठक के दौरान तीन बड़े स्टॉकिस्टों के गोदामों की रैंडम जांच भी कराई गई, जिसमें चीनी का स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर ही पाया गया। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्याप्त स्टॉक की पुष्टि और पोर्टल पर विवरण दर्ज करने के निर्देश

बैठक में चीनी मिल कायमगंज के जीएम ने जानकारी दी कि मिल में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसका थोक मूल्य 5900 रुपये प्रति क्विंटल है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4000 क्विंटल की सीमा के भीतर ही स्टॉक मौजूद है। जिलाधिकारी ने सभी थोक विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल (foodstock.dfpd.gov.in) पर हर शुक्रवार को अपना स्टॉक अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें