बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के ललौर चौराहे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बता दें कि गांव कुइयाधीर निवासी विश्राम सिंह का 35 वर्षीय पुत्र अनुज सक्सेना गांव के ही एक युवक की बाइक से रोशनाबाद सब्जी खरीदने जा रहे थे। रोशनाबाद से लगभग एक किलोमीटर पहले सामने से आ रही बाइक, जिसे गांव कुआंखेड़ा निवासी इरशाद शाह का 22 वर्षीय पुत्र इलियास चला रहे थे, उससे सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।

अस्पताल में डॉक्टर ने अनुज को मृत घोषित किया
वहां मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद अनुज को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल इलियास को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अनुज की मौत की सूचना पर पत्नी सोनी बेटी नंदिनी, वंदना, चांदनी, अर्पिता व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फैजबाग चौकी प्रभारी प्रदीप अस्पताल पहुंचे और जांच पड़ताल की। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता विश्राम सक्सेना और भाई बृजमोहन ने हादसे में अनुज की मौत की पुष्टि की है।

ग्रामीणों ने सड़क किनारे उगी घास सफाई की उठाई मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अधिक बारिश के कारण रोशनाबाद, ललौर, हसनपुर, पसियापुर और कुइयाधीर में सड़क किनारे उगी ऊंची-ऊंची घास और झाड़ियों की तत्काल कटाई कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों के कारण मोड़ों पर सामने से आ रहे वाहनों को देखना कठिन हो जाता है, जिससे आए दिन सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है।






















