समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर डॉ. राम मनोहर लोहिया की कर्मभूमि फर्रुखाबाद पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी नजर आई। जिला महासचिव इलियास मंसूरी की देखरेख में पार्टी दफ्तर को किसी नव-दुल्हन की तरह सजाया गया था। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की मौजूदगी में भारी भीड़ के बीच केक काटा गया। इसके साथ ही जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने दफ्तर के बाहर एक बड़े भंडारे का आयोजन किया, जहां आम जनता को प्रसाद बांटा गया। प्रशांत और विशाल राठौर ने इस पूरे जश्न को सफल बनाने में जी-जान लगा दी।

मिशन 2027: ‘अगली बार सीएम की कुर्सी पर होंगे अखिलेश‘
इस मौके पर कार्यकर्ताओं में गजब का जोश देखने को मिला। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने हुंकार भरते हुए कहा कि आज पूरा जिला जश्न में डूबा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाते हुए कहा, “अगली बार जब हम राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का जन्मदिन मनाएंगे, तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत वाली सरकार होगी और अखिलेश यादव सूबे के मुख्यमंत्री होंगे।” उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में फर्रुखाबाद की चारों सीटों पर सपा का परचम लहराएगा।

बूथ स्तर पर पौधा रोपण और सदस्यता अभियान की धूम
पार्टी प्रवक्ता राधेश्याम अपनी जानकारी देते हुए बताया कि यह जश्न सिर्फ दफ्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के कोने-कोने में पहुंचा। नेताओं ने इस मौके को ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वृक्षारोपण और नए सदस्य जोड़ने के अभियान के रूप में मनाया। भोजपुर, ऊगरपुर गोंडा, अमृतपुर, कायमगंज, अचरा और फतेहगढ़ कचहरी परिसर समेत दर्जनों जगहों पर दिग्गजों ने अपने-अपने तरीके से केक काटकर और जनसेवा कर अपने नेता की लंबी उम्र की दुआ मांगी।

मंच पर जुटे सपा के दिग्गज, दिखाई एकजुटता
इस भव्य आयोजन में पूर्व राज्यमंत्री रामसेवक सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, जमालुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद मुन्नू बाबू, और सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल शरद शरण समेत पार्टी के तमाम बड़े चेहरे शामिल हुए। डॉ. नवल किशोर शाक्य, सर्वेश अंबेडकर, मनोज मिश्रा और शिवम पटेल जैसे कद्दावर नेताओं ने अलग-अलग विधानसभाओं में कमान संभाली। खबर लिखे जाने तक जिले के गांव-गांव और बूथ स्तर पर अखिलेश यादव के जन्मदिन की बधाइयों का दौर जारी रहा।



















