फर्रुखाबाद : हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत, तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मारी थी ऑटो को टक्कर – बिना पोस्टमार्टम परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कलाखेल गिर्द निवासी 70 वर्षीय उस्मान अपने नाती हमजा (16) और नातिन अनमता (10) के साथ टैक्सी से जा रहे थे। जैसे ही उनकी टैक्सी कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग स्थित पपड़ी-बरझाला गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया और सभी घायलों को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उस्मान को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचे से पहले ही उस्मान ने दम तोड़ दिया। हादसे में उनके नाती-नातिन को भी चोटें आई हैं।

गुस्साई भीड़ ने बस चालक को दबोचा, बिना पुलिस को बताए हुआ अंतिम संस्कार

घटना के बाद रोडवेज बस का ड्राइवर मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन लोगों ने पीछा करके उसे गालिब पुलिया के पास दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरी तरफ, मृतक उस्मान के परिजनों ने पुलिस को कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम की सूचना दिए बिना ही मंगलवार सुबह शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि पुलिस को पोस्टमार्टम न कराने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी, फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। उस्मान अपने पीछे तीन बेटों और एक बेटी का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

फर्रुखाबाद : कायमगंज में तेज रफ्तार रोडवेज ने मारी टैक्सी को टक्कर, एक की हालत गंभीर – चालक हिरासत में

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें