सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग स्थित गांव पपड़ी के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आगे चल रही टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टैक्सी में सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नाती को खरोंच तक नहीं आई, दादा को अस्पताल में कराया भर्ती
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कलाखेल गिर्द निवासी 70 वर्षीय उस्मान अपने 9 साल के नाती अनम्ता के साथ टैक्सी से जा रहे थे। जैसे ही उनकी टैक्सी पपड़ी गांव के सामने पहुंची, पीछे से आ रही बेकाबू बस ने उसे उड़ा दिया। गनीमत रही कि मासूम अनम्ता और टैक्सी ड्राइवर संतोष को एक खरोंच तक नहीं आई, लेकिन बुजुर्ग उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें कायमगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

पब्लिक का फूटा गुस्सा, फिल्मी स्टाइल में पीछा कर अलीगंज रूट से दबोचा ड्राइवर
एक्सीडेंट के बाद रोडवेज बस का ड्राइवर गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से भगाकर अलीगंज की तरफ ले जाने लगा। ड्राइवर को भागता देख मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने तुरंत अपनी गाड़ियों से बस का पीछा करना शुरू किया। आखिरकार, लोगों ने फिल्मी स्टाइल में खदेड़कर कायमगंज की गालिब पुलिया के पास बस को घेर लिया। भीड़ ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।

एटा का रहने वाला है आरोपी ड्राइवर, पुलिस ने कहा- होगी सख्त कार्रवाई
पकड़े गए बस चालक की पहचान जोगेश (पुत्र वीरेंद्र सिंह) के रूप में हुई है, जो जनपद एटा के जिटोली का रहने वाला है। इस पूरे मामले पर कायमगंज के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और बस को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार की तरफ से तहरीर मिलते ही आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















