फर्रुखाबाद के नवाबगंज में रविवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली में नौकरी करने वाला एक युवक जब दवा लेकर अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

दवा लेकर लौट रहे सुशील की थम गईं सांसें
नवाबगंज के फतनपुर गांव के रहने वाले सुशील चतुर्वेदी दिल्ली में रहकर जॉब करते थे। वह कुछ दिन पहले ही अपने गांव आए थे। शनिवार को उनकी पत्नी और बच्चे वापस दिल्ली चले गए, लेकिन सुशील किसी काम से रुक गए थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह बाइक से पास के गांव उम्मरपुर से दवा लेकर लौट रहे थे। तभी त्यौरी और फतनपुर के बीच मौत ने उन्हें घेर लिया।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ खूनी खेल, भागता ट्रैक्टर भी पलटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुशील ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी लापरवाही से चल रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सुशील की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन करीब 300 मीटर दूर चकमार्ग पर उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, रो-रोकर बेहाल हुआ परिवार

हादसे की खबर मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा और पलटे हुए ट्रैक्टर व बाइक को थाने ले आई। सुशील पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही बूढ़ी मां सरला देवी, पिता चंद्र प्रकाश और पत्नी-बच्चों समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


















