सोमवार की देर रात जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर गंगपुर में पूजा के दीपक से एक घर में आग लग गई। बता दें कि ओमवीर के घर में परिजनों ने शाम को पूजा-अर्चना के बाद कमरे में दीपक जलाया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह घर के बरामदे में जाकर सो गए। देर रात करीब 11 बजे अचानक उसी कमरे से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा।
ग्रामीणों के सहयोग से पाया गया आग पर काबू
कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर व घर के अंदर से लपटें उठती देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। वहां मौजूद लोगो ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।

गृहस्थी और दहेज का सामान पूरी तरह खाक
हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कमरे में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। ओमवीर की मां ईश्वर देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उनके छोटे बेटे मोहित की शादी हुई थी और शादी में मिला दहेज का सामान भी उसी कमरे में रखा हुआ था। इस अग्नि कांड में फ्रिज, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन, बेड, टीवी, दो बक्से, रजाई-गद्दे, सोने का पेंडल व मंगलसूत्र समेत लगभग 1 लाख रुपए की कीमत का सामान जलकर खाक हो गया।
























