जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हुई, जहां मातृ शक्ति की जिला सह संयोजिका प्रगति तिवारी के नेतृत्व में दुर्गा वाहिनी की बहनों समीक्षा, आकांक्षा, मुस्कान, खुशबू और आयुषी ने अधीक्षक डॉ. विपिन सिंह, महिला चिकित्सक डॉ. मधु अग्रवाल, डॉ. अमरेश, बीपीएम मोहित गंगवार, विनय मिश्रा और सहायक कर्मचारियों मुस्कान आर्य व अखिलेश कुमार सहित भर्ती मरीजों को राखियां बांधी। बहनों ने सभी से समाज एवं देश के काम आने व वंचित वर्ग की तत्परता से सेवा करने का वचन लिया और मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगल कामना की।

कस्बा पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षासूत्र, मांगा सुरक्षा का वचन
सरकारी अस्पताल के बाद टीम कस्बा पुलिस चौकी पहुंची। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर बहनों ने उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान उपस्थित आरक्षी विजय कुमार, आशीष मिश्रा, सचिन कुमार और आशीष यादव को राखियां बांधी। बहनों ने कर्तव्य पथ पर तैनात जवानों से प्राणप्रण से समाज, क्षेत्र और देश की रक्षा करने का वचन लिया। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के इस स्नेह का सम्मान करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था व सुरक्षा बनाए रखने का आश्वासन दिया।

कायमगंज कचहरी में वकीलों को बांधी राखी, न्याय दिलाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंतिम चरण में टीम के वकील प्रिंस भारद्वाज के सहयोग से पूरी टीम कायमगंज कचहरी पहुंची। वहां बहनों ने उपस्थित अधिवक्ताओं को राखी बांधकर त्यौहार की खुशियां बांटी। दक्षिणा के रूप में बहनों ने वकीलों से समाज के वंचित और पीड़ित वर्ग को त्वरित व निष्पक्ष न्याय दिलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वकील शिवांश तिवारी, मुकेश, बृजेश कुमार, ब्रजेश राजपूत, प्रदीप, आकाश यादव, रत्नेश दीक्षित और नितिन चतुर्वेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

व्यवस्था और समन्वय में संगठन पदाधिकारियों का विशेष योगदान
समग्र कार्यक्रम को सुचारू और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही। व्यवस्था की दृष्टि से बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख आकाश और विश्व हिन्दू परिषद के जिला गौरक्षा प्रमुख नूतन विशेष रूप से मौजूद रहे। मातृ शक्ति की जिला सह संयोजिका प्रगति तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षाबंधन का पर्व केवल रक्षा का संकल्प नहीं, बल्कि समाज के प्रति दायित्वों को निभाने का एक पवित्र संदेश भी है।
























