गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज नगर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर में सुबह 10 बजे से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन का कार्यक्रम शुरू हुआ। पूरे वातावरण में बजरंग बली के जयकारों की गूंज सुनाई दी। ठीक 12 बजे कन्या पूजन और कन्या भोज के बाद सातवें विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया।

हजारों भक्तों ने चखा प्रसाद, हनुमान जी का हुआ दिव्य श्रृंगार
हनुमान जन्मोत्सव के इस खास मौके पर कोतवालेश्वर हनुमान जी का बेहद आकर्षक और भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भंडारे में नगर के व्यापारियों, गणमान्य नागरिकों और कोतवाली के पुलिस अधिकारियों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंग बली’ के नारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट की टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, कोषाध्यक्ष अशोक गंगवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल, दीपक शाक्य, रामप्रकाश शाक्य, गुरुदेव, आर्यन, अर्पित, सुखवीर, नितिन श्रीवास्तव, सचिन और राजन सहित सभी सेवादारों ने व्यवस्थाएं संभालीं। आयोजन में नगर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


















