फर्रुखाबाद के रोडवेज बस स्टॉप पर मंगलवार दोपहर एक यात्री के साथ अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है। बरेली के भरोसा निवासी महबूब राजा, जो बकरी पालन का व्यवसाय करते हैं, बरेली डिपो की बस से फर्रुखाबाद पहुंचे थे। उनके पास व्यापार का काफी सामान था, लेकिन बस स्टैंड पर उतरते ही उनके साथ खेल हो गया। महबूब ने बताया कि बस से उतरते समय जब वह अपना भारी सामान नीचे रख रहे थे, तभी किसी ने मौके का फायदा उठाकर उनका बैग पार कर दिया।
बस से बैग गायब, चालक-परिचालक पर भी उठे सवाल
पीड़ित के मुताबिक, सामान ज्यादा होने के कारण उन्होंने पहले चावल की बोरी नीचे उतारी और जब दोबारा अपना बैग लेने बस के अंदर गए, तो बैग वहां से गायब था। बैग में 4500 रुपये नकद, कपड़े, आर्टिफिशियल कंगन और चप्पलें रखी थीं। हैरानी की बात यह रही कि घटना के तुरंत बाद बस के चालक और परिचालक मौके से चले गए। पीड़ित ने उन्हें फोन कर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वे वापस नहीं आए। सूचना मिलने पर रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
हद हो गई! पुलिस के सामने ई-रिक्शा से भी चोरी हो गया सामान
चोरी की यह दास्तां यहीं खत्म नहीं हुई। जब महबूब राजा पुलिस के साथ अपने गायब बैग की तलाश कर रहे थे, तभी चोरों ने उनके दूसरे सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने अपना बाकी सामान (चावल की बोरी और खाने-पीने का सामान) एक ई-रिक्शा पर रखा था, लेकिन कुछ ही देर में वह ई-रिक्शा और उस पर रखा करीब 3000 रुपये का सामान भी गायब हो गया। एक ही दिन में दो बार हुई इस चोरी से पीड़ित बेहाल है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच का स्टेटस
रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की मौखिक सूचना मिली है। पुलिस ने बस और यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई है। चालक का कहना है कि बस में भीड़ होने के कारण संभव है कि कोई यात्री गलती से या जानबूझकर बैग ले गया हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


















