जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, घर लौट रहा था युवक
आपको बता दें कि हादसा गुरुवार की रात करीब 9 बजे तौफीक की मड़ैया के पास भारत पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बाइक सवार युवक फर्रुखाबाद से अपने घर लौट रहा था, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई
मृतक की पहचान जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव तौफीक की मड़ैया निवासी 35 सचिन कुमार के रूप में हुई। सचिन की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम, वाहन की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम नजर आ रही है।


















