कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में खेत में सिंचाई के दौरान हुए हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

सिंचाई के दौरान हुआ हादसा
गांव गोपाल नगर मझरिया निवासी लाल बहादुर राजपूत अपने बेटों के साथ गंगा की कटरी के पास स्थित खेत में गेहूं की फसल में पानी लगाने गए थे। इसी दौरान उनका 13 वर्षीय बेटा अमित राजपूत पानी पीने के लिए खेत में मौजूद पंपिंग सेट के पास पहुंच गया।

पुली में फंसकर गई जान
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्यास लगने पर अमित पंपिंग सेट के पास गया था, तभी अचानक उसके गले में पड़ा मफलर पुली में फंस गया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक हादसा हो चुका था और अमित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही घोषित मृत
परिजन आनन-फानन में अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अमरेश ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार किशोर की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

मां का रो-रोकर बुरा हाल
अमित अपने माता-पिता की सात संतानों में चौथे नंबर का था। उसके तीन भाई और चार बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रामादेवी बेसुध हो गईं।

बिना सूचना शव ले गए परिजन
आपको बता दें कि परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अस्पताल से घर ले गए। घटना को बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


















