कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव घसिया चिलौली में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब 24 वर्षीय शिवमंगल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, घर में चीख-पुकार गूंज उठी। युवक की अचानक हुई मौत से गांव में सनसनी फैल गई।

पत्नी ने बताया पूरा घटनाक्रम
मृतक की पत्नी संजना ने बताया कि वह रोज की तरह काम कर रही थी। जब वह कमरे में गई तो शिवमंगल पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ मिला। वह तुरंत चीखते हुए पति को नीचे उतार लाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। संजना ने कहा कि कुछ दिन से उसके पति पर कोई मानसिक दबाव नहीं था, इसलिए आत्महत्या का सवाल ही नहीं उठता।
पिता बोले: ‘मेरे बेटे ने आत्महत्या नहीं की’
शिवमंगल के पिता सतीश चंद्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। यह साफ-साफ हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि वह सुबह 8:45 बजे अपने दोनों बच्चों दिव्यांशी (15) और अंशुमन (14) के साथ गोदाम पर चले गए थे, जबकि बच्चे स्कूल चले गए थे। घर पर केवल शिवमंगल और उसकी पत्नी मौजूद थे। परिवार ने पुलिस से हत्या की दिशा में जांच की मांग की है।

मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी, एसएसआई सुरजीत सिंह व एसआई सुधा पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने पूरे स्थान की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताएगी मौत का राज
पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी पूरी जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण साफ हो सकेगा। फिलहाल गांव में दहशत और परिवार में शोक का माहौल है।


















