जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब किसान के खेत में दुर्लभ प्रजाति का दो मुंह वाला सांप मिला। यह अनोखा नज़ारा देखकर ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल बन गया।

किसान के खेत में मिला अनोखा सांप
किसान सुरेंद्र शाक्य अपने तंबाकू की पौध वाले खेत में काम कर रहे थे, तभी उनकी नज़र एक अजीब से सांप पर पड़ी। ध्यान से देखने पर पता चला कि उस सांप के दो सिर हैं। यह देख किसान घबरा गए और आस-पास के लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय युवक ने पकड़ा, फिर छोड़ा सुरक्षित स्थान पर
गांव के ही एक युवक ने साहस दिखाते हुए उस सांप को पकड़ लिया। उसने अपने दोस्तों के साथ सांप की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए। बाद में युवक ने सांप को किसी तरह से नुकसान पहुंचाए बिना उसी खेत में सुरक्षित छोड़ दिया।
इलाके में फैली चर्चा
दो मुंह वाला सांप मिलने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। हर कोई इस अनोखी घटना को देखने और सुनने के लिए उत्सुक दिखाई दिया। कई लोगों ने मोबाइल पर वीडियो देखकर अपनी हैरानी जताई। बताया जा रहा है कि इस तरह के सांप बहुत ही दुर्लभ होते हैं और प्राकृतिक रूप से इनका मिलना बेहद कम होता है।


















