फर्रुखाबाद : कक्षा 6 की छात्रा पायल दीक्षित बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, 6 फरियादियों की सुनीं समस्याएं – अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। बता दें कि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव की कक्षा 6 की छात्रा पायल दीक्षित को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली पायल को कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुष्पगुच्छ देकर पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद पायल ने प्रशासनिक कुर्सी संभालते ही जनसुनवाई की कमान अपने हाथों में ली।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

जनसुनवाई की संभाली कमान, 6 फरियादियों की सुनीं समस्याएं

एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में पायल दीक्षित ने कलेक्ट्रेट में आए फरियादियों की समस्याओं को बेहद ध्यानपूर्वक और गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान उनके सामने कुल छह अलग-अलग मामले आए, जिनमें अवैध कब्जे, अतिक्रमण और आवासीय योजनाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। पायल ने एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी की तरह हर मामले को समझा और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को नियमों के तहत पारदर्शी और त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

जमीनी विवाद और अतिक्रमण पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जनसुनवाई के दौरान सदर तहसील क्षेत्र की भूमि पर कब्जे के मामले में उप जिलाधिकारी सदर को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, फतेहगढ़ में पुलमंडी से छोटी जेल चौराहे तक लगने वाले जाम और अतिक्रमण की समस्या पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को सड़क किनारे रेलिंग लगवाने के आदेश जारी किए गए। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में कृषि भूमि विवाद पर एसडीएम और सीओ सदर को पैमाइश कराकर पत्थरगढ़ी कराने, शहर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की जांच नगर मजिस्ट्रेट को और राजेपुर क्षेत्र में आवास की मांग पर मुख्य विकास अधिकारी को जांच सौंपी गई।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम

जनसुनवाई के सफल संचालन के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पायल दीक्षित को एक पौधा भेंटकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, प्रशासनिक समझ और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पायल दीक्षित ने इस अनुभव को बेहद खास बताते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा के महत्व को करीब से समझने की प्रेरणा मिली है। यह पहल जिले की अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें