फर्रुखाबाद : शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि पर गोष्ठी, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने संघर्ष और विचारों को किया याद

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में पूर्व राज्यसभा सांसद और प्रमुख समाजवादी विचारक शिवदयाल चौरसिया की पुण्यतिथि पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में शिवदयाल चौरसिया के विचारों और उनके सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

सदन में शोषितों और वंचितों की आवाज

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि शिवदयाल चौरसिया का पूरा जीवन संघर्ष की एक अनूठी मिसाल है। श्रद्धेय नेताजी ने उनके संघर्षों को देखते हुए ही उन्हें राज्यसभा भेजा था, ताकि वे वंचितों की आवाज देश की सबसे बड़ी पंचायत तक पहुँचा सकें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा हर वर्ग को राजनीतिक भागीदारी देने का काम किया है और इसी सोच के तहत समाज के पिछड़े व कमजोर वर्गों के प्रतिनिधियों को उच्च सदनों में भेजा गया।

सामाजिक न्याय की विचारधारा पर जोर

चंद्रपाल सिंह यादव ने जोर देकर कहा कि पार्टी डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के नारे को धरातल पर उतारना ही समाजवादी पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा की जा रही जातिगत जनगणना की माँग इसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है, ताकि हर वर्ग को उसका वाजिब हक मिल सके।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

इस श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी में पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यूथ ब्रिगेड महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, नि. जिला सचिव विनीत परमार, बी.के. गंगवार, रामपाल सिंह यादव, मुजाहिद अंसारी, अर्चित शर्मा, राजपाल यादव, शशांक तिवारी, उत्कर्ष कटियार और राजन शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की और चौरसिया जी के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें