Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल राजेपुर टप्पा स्थित बौद्ध विहार के दिन अब बहुरने वाले हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा इस ऐतिहासिक स्थल के सुंदरीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए 109.30 लाख की भारी भरकम धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत होने वाले सभी निर्माण और विकास कार्यों की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम को सौंपी गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और यहां आने वाले लोगों के अनुभव को बेहतर बनाना है।
विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने विधि-विधान से किया भूमि पूजन
क्षेत्रीय विधायक श्री नागेन्द्र सिंह राठौर ने बौद्ध विहार परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोचार के साथ परियोजना का भूमि पूजन कर विकास कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भूमि पूजन के साथ ही कार्यदायी संस्था ने धरातल पर काम शुरू करने की तैयारी कर ली है, जिससे जल्द ही पर्यटकों को नया और व्यवस्थित परिसर देखने को मिलेगा।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगी आधुनिक सुविधाएं
इस भव्य विकास परियोजना के तहत बौद्ध विहार में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कराए जाएंगे। इनमें एक आकर्षक प्रवेश द्वार, बहुउद्देशीय हॉल, आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, सोलर लाइटें, पर्यटकों के बैठने के लिए खूबसूरत बेंचें और सुगम आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग मार्ग शामिल हैं। इन सुविधाओं के विकसित हो जाने से न केवल दूर-दराज से आने वाले बौद्ध धर्मावलंबियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार और अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान जिला पर्यटन अधिकारी डॉ0 मकबूल एवं सहायक अभियंता निशांत शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को प्रस्तावित कार्यों की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी। इस दौरान विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह जी का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन के कारण ही फर्रुखाबाद में पर्यटन और विकास की परियोजनाओं को पंख लग रहे हैं।

























