Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के गांव सिलसंडा और ज्योंनी पंचायत में समाजवादी पार्टी के PDA अभियान के तहत कश्यप-निषाद सम्मेलनों का आयोजन किया गया। सिलसंडा में रामरहीस कश्यप और पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह दिवाकर के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ, तो वहीं ज्योंनी में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आनंद यादव और पूर्व प्रधान सुरेंद्र कश्यप ने कमान संभाली। सम्मेलनों में समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं और संवैधानिक अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की।

अंतिम व्यक्ति तक अवसर और भागीदारी पहुंचाना ही PDA का लक्ष्य
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व कायमगंज विधानसभा प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि PDA की मूल भावना समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, रोजगार और उचित भागीदारी पहुंचाना है। उन्होंने बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान वीरांगना फूलन देवी जी को नमन करते हुए उनके संघर्षों को याद किया गया। वीरांगना फूलन देवी के शिष्य व कार्यक्रम प्रभारी दलजीत निषाद का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समाज ने लिया एकजुटता का संकल्प
कार्यक्रम में रविश शास्त्री और ढोलक वादक संगम कश्यप की मंडली ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि मंच का सफल संचालन सलोवा के राष्ट्रीय सचिव बंटी यादव ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, रामदेव महाराज, साजिद अली खान, अमन सूर्यवंशी, अरविंद कुमार यादव, राजीव यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सम्मान के लिए संगठित होकर प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया।

























