Farrukhabad News : सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव आवाजपुर निवासी पवन कुमार, जो ई-रिक्शा चलाता है, अचानक शमशाबाद थाना क्षेत्र के अमलेया आशानंद और गदनपुर चैन के बीच संपर्क मार्ग पर लगे एक मोबाइल टावर के पास पहुंचा। दोपहर करीब एक बजे वह अचानक मोबाइल टावर के ऊपर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद उसने अपनी प्रेमिका को फोन मिलाकर इस बात की जानकारी दी। युवक की इस हरकत से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

चार घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
युवक को टावर पर चढ़ा देखकर लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, थानाध्यक्ष सचिन चौधरी और चिलसरा चौकी प्रभारी अनुज कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ और पुलिस बल को देखकर युवक नीचे उतरने से घबराने लगा। इस दौरान मौके पर युवक की प्रेमिका भी पहुंची और उसने मोबाइल के जरिए युवक से बात करके उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार दी जा रही समझाइश का दौर लगभग चार घंटे तक चलता रहा।

पुलिस और प्रेमिका की समझाइश से उतरा नीचे
करीब चार घंटे चले लंबे इंतजार और पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद प्रेमी शाम लगभग 5 बजे मोबाइल टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस प्रशासन और वहां मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक को अपनी कस्टडी में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्रेमिका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

























