फर्रुखाबाद : कायमगंज में मुनीम से 8 लाख की लूट मामले में 25 हजार का इनामी आरोपी यश गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल बरामद

farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बता दें कि पुलिस ने मुनीम से हुई करीब 8 लाख रुपये की चर्चित लूट मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी यश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को यश के पास से लूट की रकम में से 1 लाख 5 हजार 800 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पकड़ा गए आरोपी की पहचान नगर के मोहल्ला नोनियमगंज निवासी सत्यप्रकाश उर्फ भूरे के 20 वर्षीय पुत्र यश के रूप में हुई

रेकी के बाद वारदात और आम के बाग में बंटवारा

पूरा मामला 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजे का है। लालपुर रोड स्थित सत्यप्रकाश अग्रवाल के तंबाकू गोदाम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने रेकी करने के बाद पृथ्वी दरवाजा निवासी मुनीम पंकज शर्मा को बाइक से टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया था। इसके बाद आरोपी पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे, जिसमें करीब 8 लाख रुपये थे। वारदात के अगले दिन ममापुर के पास स्थित एक आम के बाग के ट्यूबवेल पर सभी आरोपी एकत्रित हुए और लूट की पूरी रकम आपस में बांट ली। पूछताछ के दौरान आरोपी यश ने बताया कि उसके हिस्से में 1 लाख 30 हजार रुपये आए थे।

ठिकाने बदलकर छिप रहा था इनामी आरोपी

घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर 28 अगस्त को ही मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय पुलिस ने उनके पास से 6 लाख 70 हजार रुपये नकद और हथियार बरामद किए थे। हालांकि, इस वारदात के बाद से ही आरोपी यश लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। करीब दो सप्ताह तक फरार रहने के बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर अपने घर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी यश के खिलाफ कायमगंज कोतवाली में पहले से भी गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। इस सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के साथ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी मुकेश बघेल, आरक्षी विजय कुमार, सचिन कुमार और अविनाश प्रमुख रूप से शामिल रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

फर्रुखाबाद : कायमगंज में मुनीम के साथ हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया खुलासा, 250 से ज्यादा CCTV खंगाल पकड़े 6 बदमाश – 6.70 लाख रुपये बरामद

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें