Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी ने ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश के बाद जिले के स्थानीय पदाधिकारी समाज के प्रभावशाली लोगों से संपर्क साध रहे हैं। इसी कड़ी में सपा के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेता शहर के तिकोना क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने समाज में अच्छी पकड़ रखने वाले प्रबुद्धजनों से मुलाकात की।

वरिष्ठ सामाजिक प्रतिनिधि से मुलाकात और सम्मान
सपा के जिला महासचिव इलियास मंसूरी और जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने सविता समाज में विशिष्ट पहचान रखने वाले सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार/कानूनगो राजेंद्र श्रीवास्तव के आवास पर भेंट की। राजेंद्र श्रीवास्तव लंबे समय तक सविता महासभा के जिलाध्यक्ष और युवा सविता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। सपा नेताओं ने उन्हें समाजवादी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और पार्टी से जुड़ने का औपचारिक अनुरोध किया। इस दौरान राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वे सदैव समाजवादी विचारधारा के समर्थक रहे हैं, लेकिन सक्रिय राजनीतिक निर्णय अपने समाज और सहयोगियों से विचार-विमर्श के बाद ही लेंगे।

भागीदारी और सम्मान का दिया संदेश
मुलाकात के दौरान जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया कि पार्टी का उद्देश्य सभी वर्गों को राजनीति और समाज में बराबर की भागीदारी दिलाना है। वहीं जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक प्रतिनिधित्व और सम्मान केवल समाजवादी पार्टी के मंच से ही संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ समाजसेवियों के जुड़ने से क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा। इस अवसर पर यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, राजीव श्रीवास्तव एडवोकेट, रवि श्रीवास्तव और निखिल श्रीवास्तव सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।























