Farrukhabad News : बुधवार को जनपद फर्रूखाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उद्यान विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यशाला और बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनपद के सांसद मुकेश राजपूत, भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द वर्मा सहित मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ व उप निदेशक कृषि अरविन्द मोहन मिश्र मौजूद रहे। इस दौरान कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन अध्यक्ष अजय गंगवार, एफपीओ प्रतिनिधि और जिले के प्रगतिशील आलू उत्पादक किसानों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लागत का सही मूल्य दिलाने को ‘भामाशाह योजना’ लागू
उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा फर्रूखाबाद जिले में आलू उत्पादक किसानों को उनकी उपज की सही कीमत दिलाने के लिए ‘भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना’ तथा ‘शीतगृह भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना’ लागू की गई है। बैठक में कोल्ड स्टोरेज स्वामियों, किसान उत्पादक संगठनों और कृषकों के साथ आलू के भंडारण, बिक्री और निर्यात को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासन ने इस योजना के सुचारू संचालन के लिए किसानों से महत्वपूर्ण सुझाव मांगे, जिन्हें संकलित कर शासन स्तर पर भेजा जाएगा।

योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेज
जनपद के समस्त आलू किसानों को सूचित किया गया है कि कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू के भंडारण किराए पर सब्सिडी और भामाशाह योजना का लाभ पाने के लिए विभागीय ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसके लिए किसानों के पास मोबाइल नंबर, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक की प्रति, कृषक आईडी, भूमि का खसरा/खतौनी, कोल्ड स्टोरेज की भंडार रसीद, किराया भुगतान रसीद, गेट पास/लाट निकासी रसीद और बोरी गणना जैसे दस्तावेज होने आवश्यक हैं।

पोर्टल पर जल्द कराएं अपना ऑनलाइन पंजीकरण
योजना का लाभ लेने के लिए योग्य एवं इच्छुक किसान विभागीय आधिकारिक पोर्टल https://potato.uphorticulture.in/ पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जिला प्रशासन व उद्यान विभाग का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना और आलू उत्पादन से उन्हें बेहतर मुनाफा दिलाना है।
























