सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कस्बा राजेपुर के पास गांव परमापुर में एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बता दें कि अपनी बीमार नातिन के लिए दवा लेने जा रही एक बुजुर्ग महिला की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

शाहजहांपुर की रहने वाली थीं मृतका अर्चना
मृतक महिला की पहचान पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव दोषपुर नागर निवासी रविंद्र की पत्नी अर्चना के रूप में हुई है। अर्चना सोमवार शाम करीब 5 बजे अपनी नातिन के इलाज के लिए राजेपुर स्थित एक प्राइवेट डॉक्टर के पास जा रही थीं, लेकिन परमापुर के पास उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क हादसे का शिकार हो गईं।
108 एम्बुलेंस की नाकामी, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए अपने निजी वाहन से घायल अर्चना को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर हिमांशु राजपूत ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



















