मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मंथन बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर गंभीर चर्चा हुई। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल की अगुवाई में पहुंचे व्यापारी प्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े कई जरूरी मुद्दे उठाए। बैठक में पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि शहर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पुराने सुझावों पर हुई कार्रवाई, जाम और गंदगी का उठा मुद्दा
बैठक के दौरान युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी ने पिछली मीटिंग में दिए गए सुझावों की प्रगति रिपोर्ट मांगी, जिस पर अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी। वहीं, युवा जिला उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव ने ITI चौराहे पर डगमार बसों से लगने वाले रोजाना के जाम का मुद्दा एआरटीओ के सामने रखा। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने श्यामनगर क्रॉसिंग के पास कूड़ा फेंके जाने पर कड़ा विरोध जताया। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए नगरपालिका को सफाई और निस्तारण के निर्देश दिए।

सड़कों पर बिकने वाले खाने की होगी जांच, CCTV से लैस होंगे चौराहे
फतेहगढ़ अध्यक्ष संदीप सक्सेना ने बाजारों और चौराहों पर बिकने वाले स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता की जांच की मांग की, जिस पर खाद्य विभाग के अधिकारी जावेद अख्तर ने जल्द चेकिंग अभियान चलाने का भरोसा दिया। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सीओ सिटी ने व्यापारियों से शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों को गोद लेकर CCTV कैमरे लगवाने की अपील की। इस पहल पर युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल और सभी व्यापारियों ने तुरंत सहमति जताई और टीएसआई से चर्चा कर जल्द कैमरे लगाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अर्पण अग्रवाल, विशाल सिंह, अमरदीप शाक्य और कुलदीप कटियार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



















