शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन हुआ। जनता अपनी दिक्कतों को लेकर सुबह से ही कतारों में खड़ी थी। देखते ही देखते अधिकारियों के सामने 189 शिकायतों का ढेर लग गया। हालांकि, डीएम की मुस्तैदी से 12 गंभीर मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, लेकिन बाकी बचे मामलों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।

सरकारी जमीन पर कब्जा और दबंग प्रधान की मनमानी
समाधान दिवस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिवरई बरियार गांव के शैलेश सिंह ने सरकारी सुरक्षित भूमि पर गांव के ही कुछ रसूखदारों द्वारा अवैध कब्जे की पोल खोली। वहीं, रौकरी गांव की नीलम ने रोते हुए ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए। नीलम का कहना था कि दबंग प्रधान ने अपनी गुंडई के बल पर उसके घर के पानी का निकास (नाली) बंद कर दिया है, जिससे उसका जीना मुहाल हो गया है। डीएम ने इस पर तुरंत ऐक्शन लेने की बात कही।
डीजल डलवाने गए युवक से चेन और नगदी की लूट, उल्टी दर्ज करा दी रिपोर्ट
सबसे चौंकाने वाला मामला कमरुद्दीन नगर के अतुल कुमार का था। अतुल ने बताया कि 15 जुलाई को जब वह गाड़ी में डीजल भरवाने गया था, तभी कासगंज के कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी उसकी सोने की चेन, अंगूठी और 5000 रुपए लूट ले गए। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने उल्टा उसके खिलाफ सिवारा चौकी में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। पीड़ित ने डीएम से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।

अधिकारियों को अल्टीमेटम : ‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तुरंत करो समाधान’
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अरविंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकार वन विभाग राजेश यादव, तहसीलदार हर्षित कुमार, एसडीओ विनोद कनौजिया, डॉ विपिन व नायब तहसील अनवर हुसैन मौजूद रहे। डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त लहजे में कहा कि जनता को बार-बार चक्कर न कटवाए जाएं। सभी विभाग आपसी तालमेल बिठाकर बची हुई शिकायतों का जल्द से जल्द और पूरी ईमानदारी के साथ निपटारा करें, ताकि पीड़ितों को सही न्याय मिल सके।



















