शुक्रवार को जनपद फर्रूखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र स्थित अटैना पुल के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार पिता और उनके 13 साल के बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठी 6 वर्षीय मासूम बेटी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।

घरेलू अनबन के बाद पत्नी को मनाने जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी सुनील और उसकी पत्नी पिंकी का बुधवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में आकर वह अपनी पत्नी पिंकी को उसके मायके कंपिल क्षेत्र के गांव अटैना छोड़ आए थे। शुक्रवार को जब उनका गुस्सा शांत हुआ, तो वह अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए बाइक से निकले थे। उनके साथ उनका 13 वर्षीय बेटा विनय और 6 वर्षीय बेटी सौम्या भी थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, अटैना गंगा पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने सब कुछ तबाह कर दिया।

हेलमेट न होना पड़ा भारी, मौके पर ही थमीं सांसें
पिकअप की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद पिकअप का पहिया सुनील और उनके बेटे विनय के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बाइक चलाते समय सुनील ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में गंभीर चोट आई। घायल बच्ची सौम्या को तुरंत सीएचसी कायमगंज में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी पिंकी और सास रामरती समेत परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



















