4 जुलाई को राजधानी लखनऊ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत में आयोजित रोड शो के दौरान भगवान बजरंगबली के स्वरूप से डांस कराना अब विवादों में घिर गया है। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के जरिए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। मोर्चा का साफ कहना है कि राजनीतिक फायदे के लिए भगवान का ऐसा इस्तेमाल करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है।
‘बजरंगबली’ का सियासी इस्तेमाल क्यों?
जिलाध्यक्ष अभिषेक दुबे ने सीधे शब्दों में कहा कि भगवान बजरंगबली हमारे आराध्य हैं, कोई चुनावी जरिया नहीं। किसी भी राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम में धार्मिक प्रतीकों का इस तरह तमाशा बनाने का हक नहीं है। मोर्चा ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
प्रदर्शन में ये दिग्गज रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के कई बड़े चेहरे एकजुट नजर आए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला प्रभारी देवेश नारायण अवस्थी, जिला प्रवक्ता डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी, जिला मंत्री डॉ. अमित अवस्थी और विधिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनय शुक्ला प्रमुख रहे। इसके साथ ही जिला उपाध्यक्ष अरुण दुबे, सक्रिय सदस्य शिवम बाजपेई और नगर अध्यक्ष (फतेहगढ़) दीपक गुप्ता समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



















