फर्रुखाबाद : कायमगंज में बंबा कटने से डूबी सैकड़ों बीघा फसल, किसानों में हाहाकार – मुआवजे की मांग

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर राजकुमार में गुरुवार की देर रात अचानक एक सरकारी बंबा कट गया। बंबा कटने की वजह से खेतों में इतनी तेजी से पानी भरा कि देखते ही देखते सैकड़ों बीघा उपजाऊ कृषि भूमि पूरी तरह जलमग्न हो गई। अचानक आई इस पानी की आफत को देखकर सोते हुए किसानों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि आम, केले के बागों के साथ-साथ मक्का और अन्य खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सोता रहा प्रशासन, खुद मोर्चा संभालने को मजबूर हुए ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही रात में बंबा कटने की खबर मिली, वे तुरंत मौके पर दौड़े। स्थिति बेकाबू होती देख किसानों ने तत्काल इसकी सूचना सीधे नहर विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को दी। लेकिन आरोप है कि सुबह होने के बावजूद घंटों तक विभाग का कोई भी छोटा-बड़ा कर्मचारी या अधिकारी मौके पर सुध लेने नहीं पहुंचा। सरकारी अमले की इस बड़ी लापरवाही की वजह से बंबे का पानी लगातार खेतों में भरता रहा और तबाही का दायरा बढ़ता ही चला गया। आखिरकार, बेबस किसानों ने खुद ही मिट्टी डालकर पानी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पानी का दबाव इतना ज्यादा था कि वे नाकाम रहे।

कायमगंज
कायमगंज

200 बीघा से ज्यादा फसल बर्बाद, मुआवजे की उठती मांग

पीड़ित किसान राजाराम, सुबोध और प्रवीन दीक्षित ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि अगर नहर विभाग की टीम समय रहते एक्शन ले लेती, तो आज उनकी खून-पसीने की मेहनत इस तरह पानी में न बहती। किसानों के मुताबिक, मक्के समेत करीब 200 बीघा से अधिक क्षेत्र की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। गुस्से में लाल ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावित फसलों का सरकारी सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की पुरजोर मांग की है। वहीं दूसरी ओर, नहर विभाग के महेंद्र सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही तुरंत जेसीबी मशीन मौके पर भेजकर कटे हुए हिस्से को बंद करवा दिया गया है और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

 

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें