फर्रुखाबाद के कायमगंज में उस समय हड़कंप मच गया जब माननीय उपजिलाधिकारी महोदय ने मुंसिफ न्यायालय स्थापित करने के लिए मंडी समिति के पुराने कार्यालय का औचक सर्वे किया। जैसे ही यह खबर बाजार में फैली, व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारी तुरंत एक्टिव हो गए और सरकार के इस फैसले के खिलाफ लामबंद होने लगे।
मंडी सचिव से मिलकर दर्ज कराया कड़ा विरोध
मामले की गंभीरता को देखते हुए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से मंडी सचिव से मुलाकात की। व्यापारी नेताओं ने दोटूक शब्दों में कहा कि मंडी परिसर में किसी भी कीमत पर मुंसिफ कोर्ट नहीं बनने दिया जाएगा।
किसान-व्यापारियों की बढ़ेगी मुसीबत, आंदोलन का ऐलान
नेताओं का कहना है कि कोर्ट बनने से रोज हजारों फरियादियों की भीड़ उमड़ेगी, जिससे मंडी में आने वाले किसानों और व्यापारियों को भारी जाम और परेशानी का सामना करना पड़ेगा। व्यापार पूरी तरह ठप हो जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो सभी व्यापारी मिलकर एक बड़ा और जबरदस्त आंदोलन करेंगे। इस दौरान व्यापारी नेता शानू खां सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



















