रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के सब्जी मंडी जवाहरगंज स्थित कार्यालय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और गोरक्षा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने एक बैठक का अयोजन किया। बैठक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश था यह आक्रोश पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के उस विवादित बयान को लेकर था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर सूर्य और भगवान हनुमान जी को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। कार्यकर्ताओं का साफ कहना है कि मौर्य ने हमारे आराध्य देव हनुमान जी की आलोचना करके पूरे हिंदू समाज और सनातन धर्म की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चौराहे पर फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी
बयान से भड़के विहिप और गोरक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने इसके विरोध में नगर के मुख्य चौराहे पर इकट्ठा होकर स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला गोरक्षा प्रमुख प्रदीप सक्सेना ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य आए दिन सनातन धर्म और हमारे देवी-देवताओं के खिलाफ जहर उगलते रहते हैं। उन्हें इतिहास और धर्म का कोई ज्ञान नहीं है। खुद को मीडिया और राजनीति में चमकाए रखने के लिए वे इस तरह के ओछे हथकंडे अपना रहे हैं, जिसका हिंदू समाज पुरजोर विरोध करता है।
‘इतिहास भूल गए मौर्य’ – विहिप का तीखा हमला
प्रदर्शनकारियों ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य यह भूल चुके हैं कि उनके पूर्वज भी हिंदू धर्म से ही ताल्लुक रखते थे। आज वे सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए कथित नेता बनकर घूम रहे हैं और लगातार सनातन धर्म को निशाना बना रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान प्रदीप सक्सेना (सह जिला गोरक्षा प्रमुख), अनूप चौबे, भूरे यादव, प्रेमबाबू राजपूत, अनिल यादव, अनूप सिंह सक्सेना, सनी शर्मा, अमित वर्मा, डॉ. राजेश शर्मा और शिवमंगल कौशल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



















