शनिवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद की तरफ जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में मिशन कंपाउंड रेलवे ट्रैक के पास एक गोवंश आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोवंश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उसका शव मालगाड़ी के इंजन के नीचे बुरी तरह फंस गया। इस घटना की वजह से रूट पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
ड्राइवर की कोशिशें रहीं नाकाम
इंजन के नीचे फंसे शव को निकालने के लिए ट्रेन के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई। उसने मालगाड़ी को कई बार आगे-पीछे किया ताकि शव को बाहर निकाला जा सके, लेकिन सफलता नहीं मिली। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। करीब 45 मिनट तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जिससे रेलवे प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

कड़ी मशक्कत के बाद शुरू हुआ सफर
काफी कोशिशों और भारी मशक्कत के बाद आखिरकार गोवंश के शव को दो हिस्सों में काटकर इंजन के नीचे से बाहर निकाला जा सका। शनिवार शाम करीब 5 बजे ट्रैक साफ होने के बाद मालगाड़ी को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। इसके बाद ही इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन दोबारा सामान्य हो सका।



















