गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा फतेहगढ़ मिलिट्री ग्राउंड के सामने आंबेडकर प्रतिमा और फतेहगढ़ चौराहे के बीच हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद बस चालक रुका नहीं और वाहन लेकर तेजी से आगे भाग निकला। इस पर कार सवार लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने फिल्मी स्टाइल में बस का पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते-करते कार सवार लोग फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड तक पहुंच गए, जहां बस चालक गाड़ी खड़ी करके मौके से खिसक गया।

बस स्टैंड पर तीखी नोकझोंक और हंगामा
बस स्टैंड पर पहुंचते ही कार सवारों और रोडवेज कर्मचारियों के बीच विवाद गहरा गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और तीखी नोकझोंक होने लगी, जिससे वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे की खबर मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस के उपनिरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया और काफी मशक्कत के बाद बस स्टैंड पर चल रहे इस हाईवोल्टेज ड्रामे को शांत कराया।

हेड कांस्टेबल की कार, कोतवाली में शिकायत
जांच में सामने आया है कि कार चालक मैनपुरी जनपद का निवासी है और वह एक अन्य जनपद में ‘हेड कांस्टेबल’ के पद पर तैनात है। वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ फतेहगढ़ क्षेत्र में आया हुआ था। काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद कार सवारों ने फतेहगढ़ कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही और अपनी क्षतिग्रस्त कार लेकर वहां से रवाना हो गए। उपनिरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की है और फिलहाल दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलती है, तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















