फर्रुखाबाद : कम्पिल में खेल-खेल में खाया ‘जहरीला’ फल, एक ही परिवार के 7 लोग पहुंचे अस्पताल – इलाज जारी

गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद कंपिल थाना क्षेत्र के मझगांव पूर्व में एक सरकारी ट्यूबवेल के पास बने आम के बाग में कुछ बच्चे खेल रहे थे। खेलते-खेलते बच्चों और एक महिला की नजर रतनजोत (जेट्रोफा) के चमकदार और आकर्षक फलों पर पड़ी। अनजाने में उन्होंने इस जहरीले फल को खा लिया, जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई।

उल्टी और जी मिचलाने से मचा हड़कंप

फल खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और महिला को तेज उल्टियां होने लगीं और उनका जी मिचलाने लगा। एक साथ सात लोगों की हालत बिगड़ते देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। बीमार होने वालों में तमन्ना (17 वर्ष), अहद (8 वर्ष), मोवस्सिरा (8 वर्ष), रहमान (15 वर्ष), अहमन (4 वर्ष), अली (14 वर्ष) और शाहीन (32 वर्ष) शामिल हैं। आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों की टीम अलर्ट, इलाज जारी

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जेट्रोफा का इस्तेमाल बायोडीजल बनाने में होता है और इसके बीज बेहद जहरीले होते हैं। यह सीधा पेट और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए इससे दूर रहना चाहिए।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें