जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। स्वर्गीय चंद्र प्रकाश अग्रवाल और स्वर्गीय शकुंतला देवी अग्रवाल की पावन स्मृति में नगर के3 सीपी गेस्ट हाउस में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का संयोजन इलाके के जाने-माने समाजसेवी और वरिष्ठ जिला संरक्षक सत्य प्रकाश अग्रवाल के साथ ही नगर पालिका परिषद कायमगंज की तीन बार की चेयरमैन रहीं मिथिलेश अग्रवाल जी कर रही हैं। मिथिलेश अग्रवाल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश चेयरमैन और पूर्व महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। उनके इस प्रयास की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है।

गोवर्धन के महाराज की अमृत वाणी से मंत्रमुग्ध हुए श्रोता
इस शानदार कथा को सुनने के लिए हर दिन सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं। राधा सर्वेश्वर पीठ (गोवर्धन) के महंत श्री सुदर्शन दास जी महाराज अपने मुखारविंद से कथा की ऐसी अमृत वर्षा कर रहे हैं कि पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। कथा के दौरान स्वामी जी के प्रवचन सुन लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर मंच से व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, सरस्वती वर्मा और अर्चना चौहान जैसी प्रमुख हस्तियों को पटका पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया।

‘नंद के आनंद भयो…’ भजनों पर जमकर झूमे भक्त
कथा के विशेष प्रसंग में जैसे ही बाल गोपाल श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनाई गई, पूरा हॉल ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। कृष्ण जन्मोत्सव की खुशी में पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं पर बिस्किट, टॉफियां और रुपये उड़ाकर खुशियां मनाई गईं। लोग कन्हैया के भजनों पर जमकर थिरके। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला मंत्री नीरज राठौर, जिला संरक्षक शंभू शरण अग्रवाल और ऋषि पाल सिसोदिया सहित शहर के कई वीआईपी और सैकड़ों आम लोग मौजूद रहे। अंत में सभी को प्रसाद बांटा गया। बता दें कि इस दिव्य कथा का आनंद श्रद्धालु बुधवार, 17 जून तक उठा सकेंगे।



















