बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा स्थित एक आम के बाग में करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीण भी दंग रह गए। युवक का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलसा हुआ था और शरीर पर कई जगह छाले दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

मूंगफली की फसल देखने पहुंचे किसानों ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खेतलपुर सौरिया निवासी अवनीश राजपूत अपने साथियों के साथ दोपहर करीब एक बजे गांव बरखेड़ा के पास अपनी मूंगफली की फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान बाग के किनारे झाड़ियों में उन्हें एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। शव औंधे मुंह पड़ा था। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

शव की हालत देखकर उठे कई सवाल
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सीधा कराया तो युवक का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलसा हुआ मिला। तलाशी लेने पर उसकी जेब से केवल 60 रुपए बरामद हुए। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कंपिल थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया चेहरे पर तेजाब डालने जैसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं शरीर पर संघर्ष या चोट के स्पष्ट निशान भी नहीं मिले हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


















