सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र स्थित ढाई घाट पर कलश विसर्जन के दौरान गंगा में नहाते समय एक युवक की डूबकर मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

क्या है पूरा मामला

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव जिराऊ निवासी जगत कुमार के यहां 31 मई को भागवत कथा का आयोजन किया गया था कथा का समापन 7 जून को हुआ था। जगत कुमार परिवार व गांव के अन्य लोगों के साथ भागवत कथा की सामग्री व कलश विसर्जन करने के लिए ढाई घाट आए हुए थे। कलश विसर्जन के दौरान जगत कुमार का सबसे छोटा बेटा संतोष भी अपने बच्चों के साथ आया हुआ था।
नहाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलश विसर्जन के दौरान संतोष व गांव के अन्य लोग गंगा में स्नान कर रहे थे इसी दौरान संतोष का पैर फिसला और वह देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया और आंखों से ओझल हो गया। संतोष को डूबता हुआ देख चीख पुकार मच गई।

कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने 5 घंटे बाद किया शव बरामद
घटना के बाद परिजनों ने आनन फानन में गोताखोरों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व गोताखोर मौके पर पहुंचे और गंगा में डूबे युवक की तलाश जारी की। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात में लगभग 9 बजे संतोष का शव बरामद किया।

युवक की मौत की सूचना पर परिवार में मचा कोहराम
युवक का शव मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक खेती-बाड़ी का काम करता था उसके दो बेटे हैं जिनकी उम्र 8 व 6 वर्ष है। मृतक की मौत की सूचना पर पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।


















