जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा खजुरी में रास्ते में चारपाई रखने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। पप्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के रहने वाले 45 वर्षीय प्रमोद जाटव ठेली चलाकर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते थे। 2 जून की सुबह जब वह हमेशा की तरह अपनी ठेली लेकर काम पर निकल रहे थे, तभी रास्ते में बिछी एक चारपाई को हटाने को लेकर गांव के ही कुछ दबंगों से उनकी तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पसरा मातम
बेरहमी से की गई मारपीट में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने शुरुआती मेडिकल जांच कराकर एनसीआर (NCR) दर्ज कर ली थी। लेकिन शनिवार, 6 जून को अचानक प्रमोद की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रमोद की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था संभाली। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने साफ कहा कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर मामले को तुरंत हत्या की धाराओं में तरमीम कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



















